नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। बारिश की परवाह किए बिना दड़ौली,कानिया खेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण मंगलवार को अपनी वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए कीचड़ में लोट लगाते हुए नीमच कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में अपनी पीड़ा दर्ज कराते हुए चार वर्ष पूर्व स्वीकृत एवं भूमिपूजन हो चुके दड़ौली से अम्बा माता मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया था, लेकिन वन विभाग की एनओसी सहित अन्य विभागीय प्रक्रियाओं के चलते आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण लंबे समय से अटका होने के कारण दड़ौली, कानिया खेड़ा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी बदहाल हो जाती है। कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसका असर अम्बा माता मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है। चार वर्षों से ग्रामीण सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हर बार विभागीय प्रक्रिया और आश्वासनों के बीच मामला अटक जाता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच लंबित एनओसी एवं अन्य प्रक्रियाओं का तत्काल निराकरण कराया जाए तथा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।कीचड़ में लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर खींचा। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके इस अनोखे विरोध के बाद चार वर्ष से अटका सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होगा।