नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से घायल छात्र साहिल लोचव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग थाने स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे। पुलिस द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में राहुल गांधी अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ वहीं धरने पर बैठ गए। इस घटनाक्रम के समर्थन में शुक्रवार को नीमच में भी जिला कांग्रेस द्वारा अंबेडकर सर्किल पर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया।कांग्रेस नेताओं के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान छात्र साहिल लोचव की आंख में पैलेट गन के छर्रे लगे, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। राहुल गांधी घायल छात्र को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा न्यायिक जांच की मांग की। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने और आईओ नंबर देने से इनकार किए जाने के बाद राहुल गांधी धरने पर बैठ गए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी घायल छात्रों को लेकर डीसीपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके विरोध में राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेता धरने पर बैठे हैं। इसी के समर्थन में नीमच में भी अंबेडकर सर्किल पर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती और राहुल गांधी धरने पर बैठे हैं, तब तक नीमच में भी कांग्रेस का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।धरना प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, मुकेश कालरा, ओम दीवान,मोनू लोक्स, बाबू सलीम, गजेंद्र यादव, संदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।