नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार रात करीब 10.15 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध व्यक्ति मेडिकल वार्ड में मौजूद 8 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ नीचे ले जाने लगा। संदिग्ध की गतिविधियों पर अस्पताल के सुरक्षा गार्ड की नजर पड़ गई। गार्ड को अपनी ओर आता देख वह बच्ची को छोड़कर मौके से भाग निकला। समय रहते गार्ड की सतर्कता से बच्ची सुरक्षित बच गई।जानकारी के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉमा सेंटर की ऊपरी मंजिल स्थित मेडिकल वार्ड में कुछ देर तक बैठा रहा। इस दौरान उसने बच्ची से बातचीत की और उसे बताया कि उसके माता-पिता नीचे चले गए हैं। इसके बाद वह बच्ची को अपने साथ नीचे ले जाने लगा। संदिग्ध की गतिविधियां देखकर सुरक्षा गार्ड सतर्क हो गया और उसकी ओर बढ़ा। गार्ड को आता देख संदिग्ध बच्ची को छोड़कर वहां से भाग गया।बच्ची की मां ने बताया कि वह पास के बेड पर भर्ती एक महिला को देखने के लिए कुछ देर के लिए वार्ड से बाहर गई थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया।
*सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सिविल सर्जन*
घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल स्टाफ और बच्ची के परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद कैंट थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची और उसके परिजनों से पूछताछ की।
सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है और फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
*सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की तलाश*
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्ध की अस्पताल में मौजूदगी और बच्ची के आसपास उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में बालिका को अगवा किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।