नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। श्रावण मास के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा रविवार को बघाना क्षेत्र में 8वीं भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई।बैंड-बाजों की धुन और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में स्वांगधारी भगवान शिव और गोमाता का रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।विभाग गौरक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ जायसवाल कॉलोनी स्थित पुलकितानंद महादेव मंदिर से हुआ। श्रद्धालु पवित्र सुखानंद धाम से लाए गए जल को कांवड़ में लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा धनेरिया रोड,अहीर मोहल्ला,संतोषी माता की गली,अहीर व्यायामशाला, फतेह चौक,होली चौक, पुलिस चौकी,श्रीराम चौक होते हुए बाबा रामदेव मंदिर रेलवे फाटक से किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद कांवड़ यात्रियों द्वारा सुखानंद धाम से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इसके बाद शहस्त्रधारा अभिषेक के साथ यात्रा का विधिवत समापन हुआ कांवड़ यात्रा में संत आसन दरिया नाथ सिद्धपीठ के महंत लालुनाथ योगी तथा आदेश आश्रम गोरखनाथ युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र राजेंद्र नाथ योगी सहित बड़ी संख्या में संत,पदाधिकारी और श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।