नीमच। महेंद्र उपाध्याय। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेतृत्व में रविवार शाम 40 नंबर चौराहे पर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस एवं राहुल गांधी-सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया। इसके बाद 40 नंबर चौराहे से कैंडल मार्च निकाला गया।हाल ही में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के पूर्ण गायन के दौरान सोनिया गांधी के इशारे और मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाया है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग भी की है। वहीं कांग्रेस की ओर से इसे अलग संदर्भ में बताते हुए कहा गया कि सोनिया गांधी वरिष्ठ नेता खड़गे के लिए बैठने की व्यवस्था को लेकर इशारा कर रही थीं।नीमच में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् देश की स्वतंत्रता की लड़ाई और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है तथा इसके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के रवैये के विरोध में जमकर नारेबाजी की।इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने हाथों में कैंडल लेकर 40 नंबर चौराहे से कैंडल मार्च प्रारंभ किया। मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः 40 नंबर चौराहे पर पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् के सम्मान का संदेश दिया।प्रदर्शन एवं कैंडल मार्च में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीपसिंह परिहार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन, रोशन वर्मा, आयुष कोठारी, मोहनसिंह राणावत, दारा सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय गीत,राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की अस्मिता एवं राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हैं। इनके सम्मान को लेकर राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर सभी राजनीतिक दलों एवं नागरिकों को समान रूप से संवेदनशील रहना चाहिए।