नीमच। महेंद्र उपाध्याय। अखंड भारत के संकल्प, राष्ट्रभक्ति और युवाओं में देशप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही साइकिल यात्रा शनिवार को नीमच पहुंची। यात्रा में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता विनय जांगिड़ का जहांगीर ने समाज द्वारा पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवा मौजूद रहे।विनय जांगिड़ ने बताया कि वे सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में राष्ट्र और समाज के लिए सदैव समर्पित रहने के संकल्प के साथ यह यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और राष्ट्र से ऊपर कुछ नहीं है। अखंड भारत के संकल्प को लेकर निकाली जा रही यह यात्रा इस वर्ष चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है।उन्होंने बताया कि गत वर्ष यात्रा के दौरान पहलगांव पहुंचकर तिरंगा फहराया गया था। उनका कहना है कि आतंकवादियों द्वारा भारतीय युवाओं को डराने की कोशिश के बावजूद देश के युवाओं ने उसी स्थान पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति और साहस का परिचय दिया था।

पांच संकल्पों को धरातल पर उतारने का संदेश

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए पांच संकल्पों को धरातल पर उतारने का संदेश देना है। इनमें ‘शहीदों का परिवार हमारा परिवार’, ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘नशे से पहले हमारा राष्ट्र’, ‘साइकिल चलाओ-फिट हो जाओ’ और ‘जाति से पहले हमारा राष्ट्र’ जैसे संकल्प शामिल हैं।
जांगिड़ ने बताया कि यात्रा ग्राम भारतपुरा से प्रारंभ हुई थी और अब तक दो दिनों में करीब 200 किलोमीटर का सफर तय किया जा चुका है। शनिवार को यात्रा नीमच पहुंची, जहां स्वर्णकार धर्मशाला से साइकिल यात्रा को आगे के लिए रवाना किया गया। यात्रा चित्तौड़गढ़ होते हुए भीलवाड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा। इसके बाद यात्रा आगे दिल्ली की ओर रवाना होगी।उन्होंने बताया कि यात्रा का समापन 23 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर होगा। यहां देशभर से आने वाले युवा, बुजुर्ग, माताएं और बहनें मिलकर तिरंगा फहराएंगे तथा अपने-अपने गांव की पवित्र मिट्टी से लाल किले पर तिलक करेंगे।जांगिड़ ने बताया कि यात्रा में शामिल माताओं, बहनों और युवाओं ने अपने गांव की मिट्टी उन्हें सौंपी है। इसी मिट्टी को दिल्ली ले जाकर लाल किले पर तिलक करने का संकल्प लिया गया है। यात्रा के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रहित,एकता और देशभक्ति के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया जा रहा है।