नीमच। महेंद्र उपाध्याय। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के नौजवान युवाओं द्वारा इस वर्ष लगातार पांचवीं बार भव्य तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। देशभक्ति के जोश और उत्साह से लबरेज इस रैली में सैकड़ों दोपहिया वाहन चालक युवा एवं शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।तिरंगा वाहन रैली का शुभारंभ लायंस पार्क चौराहे से हुआ। रैली के सबसे आगे डीजे पर देशभक्ति से ओतप्रोत गीत गूंज रहे थे, वहीं पीछे युवा ढोल की थाप और हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष करते हुए चल रहे थे। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा और शहरवासियों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
लायंस पार्क चौराहे से शुरू हुई तिरंगा वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भारत माता चौराहे पर पहुंची। यहां युवाओं एवं नागरिकों ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद तिरंगा वाहन रैली का विधिवत समापन किया गया।आयोजकों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं द्वारा प्रतिवर्ष तिरंगा वाहन रैली निकाली जाती है और इस वर्ष लगातार पाँचवी बार इसका आयोजन किया गया। रैली में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में शहर के नागरिक भी शामिल हुए, जिससे पूरे शहर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिखाई दिया।