नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। तिरंगे की शान, जवानों की अनुशासित कदमताल, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करने के साथ हुई। इसके बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और सम्मान की भावना से गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया। हर्ष फायर, परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय तथा मार्च पास्ट हुआ। मुक्त आकाश में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।समारोह में सीआरपीएफ,एसएएफ, जिला पुलिस बल के महिला एवं पुरुष जवान, होमगार्ड, वनरक्षक, एनसीसी सीनियर दल, शौर्य दल, रेडक्रॉस तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच जवानों और विद्यार्थियों की कदमताल ने वातावरण में जोश और राष्ट्रगौरव का संचार किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र रक्षकों का पुष्पमाला, श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्तव्ययोगियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण दिखाया व सुनाया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासन की प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए जिले के विकास में आमजन की सहभागिता और जनसेवा की भावना को महत्वपूर्ण बताया।इसके बाद मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन के माध्यम से अनुशासन, समन्वय और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थी,अनुशासित कदमताल करते जवान और देशभक्ति से सराबोर प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समारोह में जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं जवान, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम का संचालन राजेश पाटीदार एवं मंजूला धीर ने किया। जिला स्तरीय समारोह ने देश की एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूती से सामने रखा।