नीमच। महेंद्र उपाध्याय। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व नीमच शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राष्ट्रप्रेम की भावना अब बाजारों में भी दिखाई देने लगी है। शहर के प्रमुख टैगोर मार्ग पर तिरंगे और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी सामग्री की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ रही है।टैगोर मार्ग पर करीब 30 से अधिक दुकानें तिरंगे एवं देशभक्ति से संबंधित सामग्री से सजी हुई हैं। यहां राष्ट्रीय ध्वज के अलावा दोपहिया वाहनों पर लगाने वाले छोटे तिरंगे, स्टीकर, रिबन, बैज, दुपट्टे, हेयर बैंड, हैंड बैंड, तिरंगे रंग की कैप, गुब्बारे, टी-शर्ट, तिरंगा मालाएं सहित विभिन्न आकर्षक सामग्री उपलब्ध है।बाजार में बच्चे, युवा, महिलाएं और परिवार अपने घरों एवं वाहनों को तिरंगे के रंगों से सजाने के लिए उत्साहपूर्वक खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। नीमच शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग भी बड़ी संख्या में तिरंगा सामग्री खरीदने पहुंच रहे हैं।
*देशभक्ति के रंग में रंगा बाजार*
‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को नई ऊर्जा प्रदान की है। नागरिक अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। बाजार में तिरंगे की बढ़ती मांग लोगों के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को दर्शा रही है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले टैगोर मार्ग का नजारा नीमच की सामूहिक भावना को प्रदर्शित कर रहा है। यहां विभिन्न वर्गों के लोग तिरंगे के नीचे एकजुट होकर देश की आन, बान और शान को नमन करते दिखाई दे रहे हैं।