नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। हाथों में शान से लहराता तिरंगा, दिल में राष्ट्रप्रेम और जुबां पर गूंजता ‘भारत माता की जय’ का जयघोष… गुरुवार को नीमच की सड़कों पर निकली जिला स्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। करीब ढाई हजार से अधिक नागरिकों के इस विशाल राष्ट्रभक्ति के कारवां   समापन स्थल पर समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा द्वारा भव्य स्वागत किया गया।पुष्पवर्षा और उत्साहपूर्ण अभिनंदन के बीच तिरंगा यात्रा का माहौल भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा ने संदेश दिया कि अलग-अलग पहचान के बावजूद तिरंगे के नीचे पूरा नीमच और पूरा देश एक है।

*तिरंगे की शान में एकजुट हुआ नीमच*

स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली इस भव्य यात्रा का शुभारंभ शहीद स्मारक, ज्ञान मंदिर महाविद्यालय एवं दशहरा मैदान से हुआ। युवा, महिलाएं, बच्चे, व्यापारी, कर्मचारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। जैसे-जैसे यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी, सड़कों पर तिरंगों का सैलाब नजर आने लगा।‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

*अरुल अशोक अरोरा ने किया भव्य स्वागत*

तिरंगा यात्रा के समापन पर समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।पुष्पवर्षा और अभिनंदन के साथ उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों का उत्साह बढ़ाया। स्वागत स्थल पर उमड़ा उत्साह और हाथों में लहराते तिरंगे यात्रा के देशभक्ति से भरे माहौल को और भव्य बना रहे थे।

*सर्वसमाज की भागीदारी ने दिया एकता का संदेश*

यात्रा में सर्वसमाज की उल्लेखनीय भागीदारी रही। विभिन्न वर्गों और संगठनों से जुड़े लोगों ने एक साथ कदम मिलाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यह यात्रा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का एहसास भी करा गई।

*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह*

यात्रा में विधायक दिलीप सिंह परिहार,ओमप्रकाश सकलेचा, माधव मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं एसपी राजेश व्यास सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सभी ने आम नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की।

*भारत माता की आरती और राष्ट्रगान से हुआ भावपूर्ण समापन*

शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तिरंगा यात्रा भारत माता चौराहा पहुंची, जहां भारत माता की आरती एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण भावुक और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया।ढाई हजार कदमों का यह तिरंगा कारवां नीमच की धरती से एक ही संदेश दे गया—तिरंगा हमारी आन है, भारत हमारी शान है और राष्ट्र की एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।