नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने नीमच कैंट थाने पर धरना प्रदर्शन कर श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर मंदसौर और नीमच जिलों में लव जिहाद,जबरन धर्मांतरण और महिलाओं के शोषण से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रखंड अध्यक्ष बंटी अग्रवाल और प्रखंड मंत्री नितिन बागड़ी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहचान छिपाकर व धोखाधड़ी के माध्यम से हिंदू युवतियों को फंसाने तथा धर्मांतरण कराने की घटनाएं सामने आ रही हैं। संगठन ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में संवेदनशील मामलों की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, जबरन या धोखाधड़ी से धर्मांतरण रोकने वाले कानूनों का सख्ती से पालन कराने तथा पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही युवाओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं की जांच की मांग भी रखी गई। संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।