नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।पुलिस जनसुनवाई में पीड़ित कन्हैया पुरोहित ने आवेदन देकर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती संगीता सोनी और उनके पति विश्वास सोनी पर राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग कर उन्हें व उनके परिवार को प्रताड़ित करने तथा झूठे आपराधिक प्रकरणों में फंसाने का आरोप लगाया है। आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय पुलिस जांच कराने की मांग की गई है।पुरोहित ने आवेदन में बताया कि सुजीत पिता ललित भावार, निवासी थांदला के साथ एजेंसी संचालन को लेकर 10 जून 2025 को अनुबंध हुआ था। उनके अनुसार अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया गया और बाद में सुजीत की गैस एजेंसी में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने के नाम पर उनसे राशि की मांग की गई। आवेदन के मुताबिक अलग-अलग बैंक खातों में कुल 55 लाख रुपए जमा कराए गए, लेकिन बाद में न तो राशि लौटाई गई और न ही एजेंसी में हिस्सेदारी दी गई।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 27 सितंबर 2025 को राशि वापस करने के बहाने सुजीत ने पुरोहित को थांदला बुलाया और इसके बाद उनके खिलाफ दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठा प्रकरण तैयार किया गया। पुरोहित ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी से 20 लाख रुपए की मांग की गई तथा राशि नहीं देने पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें जेल भिजवाने और अन्य अधिकारियों पर प्रभाव डालने की धमकी दी गई।
पुरोहित ने यह भी आरोप लगाया कि उनके विरुद्ध थांदला थाने में 9 मार्च 2026 को छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज कराया गया। आवेदन में कहा गया है कि उक्त कार्रवाई में राजनीतिक प्रभाव के इस्तेमाल की आशंका है। साथ ही उनके साथ हुई 55 लाख रुपए की धोखाधड़ी के संबंध में थाना कुकड़ेश्वर में अपराध क्रमांक 0151/2026 दर्ज होने का उल्लेख भी किया गया है।आवेदन में पुलिस अधिकारियों से मामले की स्वतंत्र जांच, लगाए गए आरोपों की विधिसम्मत जांच,दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई तथा कन्हैया पुरोहित और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। पुरोहित ने कहा कि उनके पास उपलब्ध दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।