नीमच।महेंद्र उपाध्याय। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह शहर की सड़कों पर उत्साह और फिटनेस का जोश नजर आया। फोक एमएमए एकेडमी एवं साक्षी सुरक्षा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘फिट नीमच रन’ में 511 प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दौड़ लगाकर स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और फिटनेस का संदेश दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया।एकेडमी से शुरू हुई दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस एकेडमी पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं सहित शहरवासियों को नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।दौड़ के समापन के बाद विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान किया गया। पुरुष वर्ग में मोहित कोटा ने प्रथम, पीयूष नीमच ने द्वितीय तथा विक्रम बूंदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में अश्वति (सीआरपीएफ, नीमच) प्रथम, रोसलीन रेजी द्वितीय तथा सत्यप्रथा दलपति तृतीय रहीं। विजेताओं को पुरस्कार राशि, गिफ्ट हैंपर एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, समाजसेवी संतोष चोपड़ा, सीआरपीएफ डीआईजी सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।आयोजन के दौरान 511 प्रतिभागियों की दौड़ ने शहरवासियों को ‘फिट नीमच’ का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति न केवल स्वयं स्वस्थ रह सकता है, बल्कि एक सक्रिय, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकता है।