नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। चौकन्ना बालाजी मंदिर के पीछे बीमार हालत में लावारिस मिली गाय के मामले में गौ सेवा समिति एवं गौ सेवा दल के सदस्यों ने कलेक्टर के नाम शिकायत आवेदन सौंपकर संबंधित मालिकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।गौ सेवा दल के सदस्य मितेश अहीर ने बताया कि चौकन्ना बालाजी मंदिर के पीछे एक गाय के बीमार हालत में सड़क किनारे बैठे होने की सूचना उन्हें फोन पर मिली थी।सूचना के बाद गौ सेवा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। गाय के कान पर लगे टैग नंबर 108547 59 7893 को सर्च करने पर उसके मालिक के रूप में कैलाश दास बैरागी की जानकारी सामने आई।गौ सेवा दल के सदस्यों ने कैलाश दास बैरागी से फोन पर संपर्क कर गाय की स्थिति की जानकारी दी। इस पर उसने बताया कि उसने गाय को अमजद नामक व्यक्ति को बेच दिया है। इसके बाद अमजद से भी संपर्क कर गाय के बीमार होने और सड़क पर लावारिस अवस्था में पड़े होने की जानकारी दी गई, लेकिन आरोप है कि दोनों में से कोई भी व्यक्ति गाय को लेने मौके पर नहीं पहुंचा।
गाय की हालत खराब होने पर गौ सेवा दल के सदस्यों ने उसे एंबुलेंस के माध्यम से उपचारशाला पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया। मामले को लेकर मितेश अहीर ने कलेक्टर के नाम शिकायत आवेदन प्रस्तुत करते हुए कैलाश दास बैरागी एवं अमजद के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।गौ सेवा समिति एवं गौ सेवा दल के सदस्यों का कहना है कि गोवंश को खरीदने-बेचने के बाद बीमार या अनुपयोगी होने पर सड़क पर लावारिस छोड़ दिया जाता है। इससे गोवंश के जीवन पर संकट तो उत्पन्न होता ही है, साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। सदस्यों ने जिला प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने से गोवंश को लावारिस छोड़ने की घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।