नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जावद तहसील के ग्राम जगेपुर मीणा के किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा।किसानों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण खराब हुई फसल का मुआवजा उन्हें प्राप्त हो चुका है,लेकिन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि अभी तक उनके बैंक खातों में जमा नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि फसल बीमा की राशि आर्थिक संकट के समय किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहारा होती है। ऐसे में भुगतान में हो रही देरी के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 की लंबित क्षतिपूर्ति राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।आवेदन सौंपने के दौरान ग्राम जगेपुर मीणा के किसान मौजूद रहे।