नीमच।महेंद्र उपाध्याय।स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर मुख्य आयोजन की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। 15 अगस्त को भारत की आज़ादी के 79 वर्ष पूर्ण होने पर यह 80 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में परेड की रिहर्सल का आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2,नीमच में किया जा रहा है, जहां हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।परेड रिहर्सल 5 अगस्त से प्रतिदिन आयोजित की जा रही है,परेड अभ्यास प्रतिदिन दो चरणों में होता है – सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक और शाम 3:00 बजे से 5:30 बजे तक। जानकारी के अनुसार फाइनल परेड रिहर्सल 13 अगस्त को आयोजित की जाएगी, जिसका निरीक्षण वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी करेंगे। इस अभ्यास में विभिन्न सुरक्षा और छात्र संगठन भाग ले रहे हैं, जिनमें सीआरपीएफ, सीआरपीएफ बैंड, एसएफ, जिला पुलिस महिला एवं पुरुष बल, होमगार्ड, वन विभाग, एनसीसी (सीनियर डिवीजन - महिला), स्काउट गाइड (बालक एवं बालिका) और शौर्य दल की प्लाटून शामिल हैं।स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जहां एक ओर परेड की भव्य प्रस्तुति होगी, वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल प्रस्तुति भी फाइनल रिहर्सल के दौरान होगी। इसके लिए सभी विद्यालयों एवं सांस्कृतिक दलों को पूर्वाभ्यास के निर्देश दिए जा चुके हैं।इस तरह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, नीमच एक बार फिर जिले के गौरवशाली आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है, जहां राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता की एक सुंदर झलक स्वतंत्रता दिवस के दिन देखने को मिलेगी।