नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।खाटू श्याम के प्रति आस्था रखने वाले नीमच के हजारों श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार का दिन यादगार बन गया। अब नीमच से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्यामजी के लिए सीधी राजस्थान रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। इस नई सुविधा से श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बिना बस बदलने के सीधे खाटू श्यामजी पहुंचने का लाभ मिलेगा।बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर नीमच रोडवेज बस स्टैंड पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, राजस्थान रोडवेज के अधिकारी, श्याम भक्त एवं बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। विधायक परिहार ने बस चालक का फूलमालाओं से स्वागत कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा बस पर "श्याम बाबा की जय" लिखकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सेवा की शुरुआत के लिए राजस्थान सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।राजस्थान परिवहन निगम के विद्यानगर डिपो की यह बस प्रतिदिन शाम 6:45 बजे नीमच से रवाना होकर सुबह 5 बजे खाटू श्यामजी पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस शाम 4 बजे खाटू श्यामजी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे नीमच पहुंचेगी। बस का संचालन निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़,भीलवाड़ा, अजमेर और जयपुर होते हुए किया जाएगा।इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि नीमच को खाटू श्याम भक्तों की नगरी कहा जाता है। यहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नियमित रूप से बाबा श्याम के दर्शन के लिए जाते हैं। अब सीधी बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।श्याम प्रेमियों ने भी इस नई सेवा का स्वागत करते हुए खुशी जताई। उनका कहना था कि बस का समय श्रद्धालुओं के लिए बेहद अनुकूल है। शाम को नीमच से रवाना होकर सुबह खाटू श्यामजी पहुंचने से दर्शन करने में आसानी होगी और यात्रा भी आरामदायक रहेगी।राजस्थान रोडवेज की इस बस सेवा की एक विशेषता यह भी है कि महिलाओं, विद्यार्थियों,वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को नियमानुसार किराए में रियायत का लाभ मिलेगा। इससे विभिन्न वर्गों के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।नीमच से खाटू श्यामजी के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों के श्याम भक्तों में खासा उत्साह है। अब श्रद्धालुओं की आस्था की राह पहले से अधिक सरल और सुगम हो गई है।