नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शहर के जिला अस्पताल कॉर्नर स्थित कंट्रोल रूम के सामने तथा कैंट थाना क्षेत्र में सरकारी विकास योजना के बोर्ड पर अज्ञात लोगों द्वारा आपत्तिजनक पोस्टर चिपकाए जाने का मामला सामने आया है। बोर्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फोटो लगे हुए थे। शुक्रवार को जैसे ही इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। कैंट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बोर्ड पर चिपकाए गए सभी पोस्टरों को हटाकर फाड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह बोर्ड "सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, भोपाल – निवेश, व्यापार और रोजगार की असीम संभावनाओं का केंद्र" योजना से संबंधित है। अज्ञात लोगों ने बोर्ड पर चार अलग-अलग पोस्टर चिपकाए थे, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक और भड़काऊ नारे लिखे गए थे। पोस्टरों की भाषा और सामग्री को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है।घटनास्थल के पास गुमटी संचालित करने वाले कमलेश ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। उसमें से कुछ लोग उतरे और कुछ ही मिनटों में पोस्टर चिपका दिए। इसके बाद उन्होंने पोस्टरों की तस्वीरें लीं और तुरंत वहां से रवाना हो गए। कमलेश के अनुसार उसने न तो वाहन का नंबर देखा और न ही पोस्टर लगाने वालों के चेहरे पहचान पाया।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पोस्टर हटाए गए। प्रारंभिक स्तर पर इस घटनाक्रम को कुछ लोग हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे राजनीतिक पोस्टर अभियान से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक किसी संगठन, राजनीतिक दल या समूह की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टर किसने लगाए, उनका उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।