नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत पटवारियों की हड़ताल गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रही। जिले के सभी पटवारी तहसील कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे और शासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द मांगें पूरी करने की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी  की। हड़ताल के चलते आय,जाति, मूल निवासी प्रमाण पत्र, पट्टा,नामांतरण सहित राजस्व विभाग से जुड़े अनेक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों के राजस्व संबंधी कार्य भी प्रभावित होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी संघ के जिला उपाध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन भी किया गया, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।उन्होंने कहा कि जब तक मांगों का निराकरण नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू लागू कर समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति का लाभ देना,नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित करना,जज प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना, विभिन्न विभागों के लंबित मानदेय एवं भुगतान का शीघ्र भुगतान करना तथा पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों का निराकरण करना शामिल है।संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार शासन स्तर पर पत्राचार और चर्चा की जा चुकी है,लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने से प्रदेशभर के पटवारियों में असंतोष व्याप्त है। पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।