नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर बुधवार शाम मैदान बचाओ समिति के बैनर तले शहर में ताली-थाली जनजागरण अभियान निकाला गया।अभियान में खिलाड़ी,खेल प्रेमी,विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और खेल मैदान संरक्षण के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की।
जनजागरण रैली हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर सब्जी मंडी चौराहा,फव्वारा चौक और कमल चौक तक निकाली गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने ताली और थाली बजाकर आमजन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया। इस दौरान बच्चों ने सड़क पर फुटबॉल खेलकर सांकेतिक विरोध भी दर्ज कराया,जिससे राहगीरों का भी ध्यान आंदोलन की ओर गया।रैली के दौरान "खेल मैदान बचाओ","स्कूल भी चाहिए, खेल मैदान भी चाहिए" और "खेल और शिक्षा दोनों जरूरी हैं" जैसे नारों से शहर गूंज उठा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हायर सेकेंडरी स्कूल का यह मैदान वर्षों से नीमच के हजारों खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का प्रमुख केंद्र रहा है और इसे समाप्त करना खेल गतिविधियों के लिए बड़ा नुकसान होगा।समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वे सीएम राइज स्कूल के निर्माण के विरोधी नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि स्कूल भवन के लिए किसी वैकल्पिक शासकीय भूमि का चयन किया जाए, ताकि खेल मैदान सुरक्षित रह सके।उनका कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों समाज के विकास के लिए समान रूप से आवश्यक हैं, इसलिए ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे दोनों का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से खिलाड़ियों और नागरिकों की भावना का सम्मान करते हुए खेल मैदान को संरक्षित रखने की मांग की।