नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।मध्यप्रदेश पटवारी संघ का आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित 5 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जिले के सभी पटवारी अंबेडकर सर्किल पार्क में एकत्रित हुए, जहां बैठक के बाद रैली के रूप में विधायक दिलीपसिंह परिहार के बंगले पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र मांगों का निराकरण कराने की मांग की।पटवारी संघ ने ज्ञापन में बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं,लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ ने मांग की है कि कैडर रिव्यू लागू कर समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति का लाभ, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, जज प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करने, विभिन्न विभागों के लंबित मानदेय एवं भुगतान का शीघ्र भुगतान करने तथा पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों का निराकरण किया जाए।संघ का कहना है कि इन मांगों के संबंध में कई बार शासन स्तर पर पत्राचार और चर्चा की जा चुकी है,लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इससे प्रदेशभर के पटवारियों में असंतोष व्याप्त है।पटवारी संघ के जिला पदाधिकारियों ने विधायक दिलीपसिंह परिहार से आग्रह किया है कि वे मुख्यमंत्री तक उनकी 5 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करें। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में जिले के पटवारी उपस्थित रहे।