नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के विकास नगर निवासी एवं अभिभावक ललित गुर्जर मंगलवार को हाथ में तख्ती लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और निजी विद्यालय क्रिएटिव माइंड्स ग्लोबल स्कूल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि विद्यालय द्वारा निर्धारित फीस के अलावा विभिन्न मदों में अतिरिक्त शुल्क एवं फाइन (जुर्माना) वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लगभग एक माह पूर्व भी कलेक्टर को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्हें जनसुनवाई के दौरान विरोध दर्ज कराना पड़ा।प्रदर्शन के दौरान ललित गुर्जर के हाथ में तख्ती थी, जिस पर "जनसुनवाई नाम की शिकायत किस काम की", "शिक्षा सेवा है, व्यापार नहीं" और "न्याय चाहिए, आश्वासन नहीं" जैसे संदेश लिखे हुए थे। उन्होंने कहा कि यदि समय पर शिकायत पर कार्रवाई होती तो उन्हें इस तरह विरोध प्रदर्शन करने की नौबत नहीं आती।शिकायतकर्ता के अनुसार उनके दोनों बच्चे क्रिएटिव माइंड्स ग्लोबल स्कूल में अध्ययनरत हैं। उनका आरोप है कि विद्यालय द्वारा ट्यूशन फीस के अतिरिक्त परीक्षा शुल्क, खेल शुल्क,एक्टिविटी शुल्क, डायरी,आईडी कार्ड सहित अन्य मदों में राशि वसूली जा रही है। इसके अलावा फाइन के नाम पर भी पैसे लिए गए, जबकि उसका कोई स्पष्ट एवं लिखित कारण नहीं बताया गया।ललित गुर्जर ने बताया कि उनके पास शुल्क रसीदें एवं अन्य दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिन्हें उन्होंने आवेदन के साथ संलग्न किया है।उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि विद्यालय द्वारा वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क एवं फाइन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अभिभावकों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस दिलाई जाए तथा भविष्य में ऐसी वसूली पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।