नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शरीर और मन को आराम देने के उद्देश्य से संचालित होने वाले स्पा सेंटर इन दिनों प्रदेशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। रतलाम, ग्वालियर, इंदौर और दमोह सहित कई जिलों में स्पा सेंटरों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब नीमच में भी ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच की मांग तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्पा सेंटर पर अनैतिक या अवैध गतिविधियों की शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल एक वैध स्पा सेंटर का उद्देश्य प्रशिक्षित थेरेपिस्ट द्वारा बॉडी मसाज, अरोमा थेरेपी, रिलैक्सेशन थेरेपी, स्किन केयर और तनाव मुक्ति जैसी सेवाएं प्रदान करना होता है। लेकिन बीते कुछ वर्षों में देश और प्रदेश के कई शहरों में पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ स्पा सेंटरों पर कथित रूप से देह व्यापार और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के आरोप सामने आने से इस व्यवसाय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं।
हाल ही में रतलाम जिले के नामली क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की थी। वहीं ग्वालियर, इंदौर और दमोह में भी पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया था। इन घटनाओं के बाद अब नीमच में भी स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
*वीआईपी स्पा सेंटर पहले भी रहा सुर्खियों में*
शहर के राठौर परिसर क्षेत्र स्थित वीआईपी स्पा सेंटर कुछ माह पूर्व उस समय चर्चा में आया था जब बाहर से आए कुछ युवक-युवतियों द्वारा वहां पहुंचकर विवाद और तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुची थी हालांकि उस मामले में वास्तविक कारण क्या था,यह स्पष्ट नहीं हो सका था, लेकिन घटना ने लोगों का ध्यान इस सेंटर की ओर खींचा था।
*महिला ने लगाए थे गंभीर आरोप,जांच जारी*
इसी बीच कुछ समय पूर्व कैंट थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर वीआईपी स्पा सेंटर के संचालक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने आरोप लगाया था कि उसके पति का संपर्क स्पा सेंटर से जुड़ने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और वह परिवार से दूर रहने लगा। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि संबंधित व्यक्ति द्वारा उसके पति को गलत संगत में डालकर प्रभावित किया गया तथा उसे ब्लैकमेल किए जाने की आशंका है।
महिला ने स्पा सेंटर पर बाहरी युवतियों के आने-जाने तथा अन्य अवैध गतिविधियों के संचालन की भी जांच कराने की मांग की थी। आवेदन में परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित होने का उल्लेख करते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई गई थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामला अभी जांचाधीन है।
*पुलिस बोली—शिकायतों की होगी जांच*
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने बताया कि महिला द्वारा दिया गया आवेदन जांच में है। जांच की वर्तमान स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारी से प्राप्त कर ही बताई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि शहर के स्पा सेंटर पर किसी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।एडिशनल एसपी ने यह भी कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में हुई पुलिस कार्रवाई को देखते हुए नीमच में भी सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर स्पा सेंटरों की जांच करवाई जाएगी।