नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। पंजाब के लुधियाना में आयोजित प्रतिष्ठित मिस्टर इंडिया फेडरेशन कप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस्टर इंडिया-2026 का खिताब जीतने वाले नीमच के होनहार बॉडी बिल्डर अरबाज खान के सम्मान में बुधवार को शहर में भव्य विजयी जुलूस निकाला गया। उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और विभिन्न सामाजिक, खेल एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।खुली जीप में सवार अरबाज खान का विजयी जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और नागरिक जुलूस में शामिल हुए तथा अरबाज खान का अभिनंदन कर उन्हें बधाई दी। लोगों ने उन्हें जिले, प्रदेश और देश का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उल्लेखनीय है कि 12 एवं 13 जून को पंजाब के लुधियाना में आयोजित राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की 12 सदस्यीय टीम ने भाग लिया था। प्रतियोगिता के 80 से 85 किलोग्राम वर्ग में अरबाज खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद ओवरऑल मुकाबले में विभिन्न वर्गों के विजेताओं को पछाड़कर उन्होंने प्रतिष्ठित मिस्टर इंडिया-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।अरबाज खान की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नीमच जिला बॉडी बिल्डिंग संगठन के संरक्षक संतोष चोपड़ा, अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, सचिव डॉ. साजिद, कोषाध्यक्ष अर्जुन पंडित सहित संगठन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।अब अरबाज खान की नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। वे जल्द ही भूटान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस सफलता से जिलेवासियों को उनसे वैश्विक स्तर पर भी पदक जीतने और देश का नाम रोशन करने की उम्मीद है।