सियार के हमले से बचाई गाय,खुद बना शिकार: रेबीज संक्रमण से व्यक्ति की मौत,क्षेत्र में दहशत
22 Mar 2026
मुख्य खबरें
[video width="568" height="320" mp4="https://sagarmanthannews.in/wp-content/uploads/2026/03/YouCut_20260322_213616362.mp4"][/video]
नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले से एक दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है,जहां सियार के हमले से गाय को बचाने की कोशिश में एक व्यक्ति खुद उसकी चपेट में आ गया और बाद में रेबीज संक्रमण के चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार मोरवन रामदेव नगर निवासी 45 वर्षीय राजू पिता जयसिंह बंजारा फेरी लगाकर कंबल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वर्तमान में वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कुशालपुरा गांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि 21 फरवरी की रात उसके घर के बाहर एक सियार ने गाय पर हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर राजू तुरंत बाहर आया और उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान सियार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।हमले के बाद उसके शरीर में रेबीज संक्रमण फैल गया। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य चोट समझकर इलाज कराया,लेकिन धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ती गई। परिजन उसे इलाज के लिए भीलवाड़ा, उदयपुर, उज्जैन होते हुए अंततः नीमच के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां बीते दिन उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजन मृतक का शव जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे,जहां रेबीज संक्रमण के कारण पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।मृतक के परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।