नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर कार्यरत गैर-अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के हित, सुरक्षा और कल्याण की मांग को लेकर जिला युवा प्रेस क्लब नीमच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा गया। सीएसबी अग्रोहा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय एवं कार्यकारिणी के नेतृत्व में पत्रकारों ने अपनी विभिन्न मांगों को शासन के समक्ष रखा।

ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ ही गैर-अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार भी लगातार मैदानी स्तर पर समाचार संकलन और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकार कल्याण की योजनाओं का लाभ दोनों वर्गों को समान रूप से मिलना चाहिए।

10 प्रतिशत भूखंड-आवास पत्रकारों के लिए आरक्षित करने की मांग

प्रेस क्लब ने मांग की कि जिले में विकसित होने वाली प्रत्येक शासकीय एवं गृह निर्माण समिति की कॉलोनी में 10 प्रतिशत भूखंड अथवा आवास अधिमान्यता प्राप्त एवं मैदानी गैर-अधिमान्यता प्राप्त आवासहीन पत्रकारों के लिए आरक्षित किए जाएं। साथ ही नीमच नगर पालिका द्वारा पूर्व में पत्रकार कॉलोनी के संबंध में पारित प्रस्ताव की कार्रवाई को आगे बढ़ाकर पत्रकारों को इसका लाभ दिलाया जाए।

बीमा से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक समान लाभ की मांग

ज्ञापन में पत्रकार बीमा योजना में अधिमान्यता प्राप्त एवं मैदानी गैर-अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए समान प्रीमियम निर्धारित करने की मांग की गई। ग्रामीण एवं छोटे कस्बों में कार्यरत पत्रकारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ देने की बात कही गई। स्वयं का मकान नहीं रखने वाले जिला एवं ग्रामीण स्तर के मैदानी पत्रकारों को प्रधानमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।

पत्रकार सुरक्षा कानून और अन्य घोषणाओं के क्रियान्वयन की मांग

प्रेस क्लब ने चुनाव पूर्व की गई पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की घोषणा पर अमल करने के साथ ही वरिष्ठ पत्रकार सम्मान निधि, स्वास्थ्य सहायता तथा 30 लाख रुपये तक के आवास ऋण पर ब्याज अनुदान जैसी योजनाओं का लाभ मैदानी पत्रकारों तक पहुंचाने की मांग की।

इसके अलावा आधुनिक पत्रकारिता के लिए लैपटॉप, कैमरा, वाहन सहित आवश्यक तकनीकी संसाधनों की खरीदी पर विशेष शासकीय अनुदान या सब्सिडी योजना शुरू करने तथा पिछले 10 वर्षों में जिला जनसंपर्क कार्यालयों को प्राप्त बजट और उसके उपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक शासकीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने ज्ञापन ग्रहण किया।

ये रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, उपाध्यक्ष अब्दुल अली ईरानी, सचिव विजितराव महाडिक, उपाध्यक्ष मनीष बागड़ी, सहसचिव प्रथम सिंह डोडिया, कोषाध्यक्ष आनंद अहिरवार, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल मेहरा, पंकज मेनारिया, पूर्व जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष हरिश अहीर, विष्णु परिहार, विश्वदेव बबलू शर्मा, पवन शर्मा, संजय यादव, महेंद्र उपाध्याय, महेश जैन, जोगिंदर सिंह सलूजा, तरलीन सलूजा, मनीष कौशल, भारत सोलंकी, धीरज नायक, पवन राव शिंदे, शुभम नायक, हेमंत मेहरा, तबरेज अगवान, रामेश्वर नागदा, मनीष नायक, भावेश मारू, विनोद गुर्जर, देव खताबिया, मुस्ताक अली शाह, आसिफ खान, राजा कुरैशी सहित जिले के मैदानी एवं वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के माध्यम से ज्ञापन शासन तक पहुंचाने के लिए आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि पत्रकारों की मांगों पर जल्द ठोस शासकीय निर्णय लिया जाएगा।