नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के संस्कार पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 वीं के एक छात्र के साथ स्कूल प्रिंसिपल द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र की मां लता चौहान ने नीमच कैंट थाने और पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत देकर प्रिंसिपल विष्णु पंवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।शिकायत में छात्र की मां ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र नितिन चौहान स्कूल में अध्ययनरत है और प्रिंसिपल विष्णु पंवार लंबे समय से उसके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। आरोप है कि उसे स्कूल के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने दिया जाता तथा पूर्व में भी उसके साथ मारपीट कर टी-शर्ट फाड़ दी गई थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रिंसिपल छात्र को स्कूल से टीसी लेने पर उसका भविष्य खराब करने और किसी अन्य स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने देने की धमकी देते रहे हैं।
12 सितंबर को हुई  घटना को लेकर मां ने शिकायत में बताया कि स्कूल में बच्चों के बीच कहासुनी के बाद उनका पुत्र खाना खा रहा था। इसी दौरान प्रिंसिपल विष्णु पंवार कक्षा में पहुंचे और छात्र का कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान छात्र को उठाकर फर्श पर पटक दिया गया और लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उसकी टी-शर्ट भी फट गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया है।मां ने शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिंसिपल पूर्व में उसके पुत्र को यह कहते रहे हैं कि उसे इतना मारेंगे कि छत से नीचे फेंक देंगे और बाद में घटना को बच्चों की लड़ाई बताकर मामले को खत्म कर देंगे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन धमकियों के कारण उसका पुत्र डर के माहौल में स्कूल जा रहा था। सीसीटीवी फुटेज मांगने पर कैमरा खराब होने या फुटेज डिलीट होने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।मां ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत करने पर उसके साथ भी  अभद्र व्यवहार किए जाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि उन्हें आशंका है कि भविष्य में उनके पुत्र के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने तथा अपने पुत्र को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की है।शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक नीमच के अलावा राज्य मानव अधिकार आयोग, भोपाल को भी भेजे जाने की बात आवेदन में उल्लेखित है। अब पुलिस द्वारा शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद  पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा मामला संज्ञान में लिया गया है जिसमे अब उचित कार्रवाई की संभावना है।