नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच द्वारा रविवार को “भारत को जानो” प्रकल्प के द्वितीय चरण की शाखा स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन रोटरी सामुदायिक भवन में किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 10 विद्यालयों से चयनित जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में प्राचार्यों,शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि प्रकल्प के प्रथम चरण में नगर के 10 विद्यालयों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 2300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के परिणाम के आधार पर प्रत्येक विद्यालय से जूनियर एवं सीनियर वर्ग की टीमों का चयन कर शाखा स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में शामिल किया गया।परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने बताया कि “भारत को जानो” भारत विकास परिषद का प्रमुख संस्कार प्रकल्प है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के इतिहास,संस्कृति, परंपराओं,वर्तमान घटनाक्रम एवं भारत की विविधता से परिचित कराना है। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को 292 पृष्ठों की पुस्तक उपलब्ध कराई गई थी। क्विज में पुस्तक आधारित प्रश्नों के साथ करंट अफेयर्स से जुड़े सवाल भी पूछे गए।प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग की विजेता टीमें आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में नीमच शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी। विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर “गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन” प्रकल्प के तहत 10 विद्यालयों के शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। आयोजन में भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।