नीमच। महेंद्र उपाध्याय। युवा मेघवाल समाज संगठन द्वारा रविवार को टाउन हॉल में जिला स्तरीय चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह में समाज के 110 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं, नवपदस्थ एवं पदोन्नत कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें उचित करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए युवा मेघवाल समाज संगठन के अध्यक्ष राकेश जावेरिया ने बताया कि संगठन लगातार चौथे वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर रहा है। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इसके अलावा समाज के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं, नव नियुक्त एवं पदोन्नत कर्मचारियों तथा गत वित्तीय वर्ष में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।उन्होंने बताया कि समारोह के साथ करियर मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं के बाद विषय चयन, रोजगार की संभावनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की दिशा को लेकर विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी दी गई,ताकि वे अपने लक्ष्य का सही चयन कर सकें।
कार्यक्रम में अतिथियो के रूप में जावद विधायक,नीमच विधायक व मनसा विधायक को आमंत्रित किया गया था।जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने की है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और कई मामलों में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों से बेहतर परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय केवल 750 टैबलेट उपलब्ध कराने से 40 से अधिक विद्यार्थियों ने बिना कोचिंग के नीट और जेईई जैसी कठिन परीक्षाएं उत्तीर्ण कर यह साबित कर दिया कि संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास होता है।विधायक सकलेचा ने कहा कि समाज को केवल मेघवाल समाज ही नहीं, बल्कि सभी वर्गों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है और सही मार्गदर्शन से हर विद्यार्थी सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक,विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।