नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शेयर बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर टिप्स देने और कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नीमच पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स 2.0’ के तहत साइबर सेल नीमच और पुलिस थाना नीमच सिटी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 62 एटीएम कार्ड, चेकबुक-पासबुक, आठ मोबाइल फोन, एटीएम स्वैप मशीन, लैपटॉप, मैकबुक, हुंडई कार और 51,500 रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से बरामद बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के एनसीआरपी पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध म्यूल बैंक खातों और एटीएम से नकदी निकालने वाले खाताधारकों से संबंधित जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और फर्जी बैंक खातों के इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रदेशभर में ऑपरेशन मेट्रिक्स 2.0 चलाया जा रहा है।

*एटीएम निकासी की लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस*

पुलिस के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर 2026 को प्राप्त तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बैंक एवं एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। अलग-अलग बैंक खातों से एटीएम के माध्यम से निकासी की लोकेशन का विश्लेषण करते हुए पुलिस ने निखिल कुमावत, दीपक मेघवाल और जयंत कुमावत को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अल्केश पंवार को भी अभिरक्षा में लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्वयं के साथ अन्य लोगों के बैंक खातों की किट एकत्र कर अल्केश पंवार को देते थे। इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर आम लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए प्राप्त राशि जमा कराने के लिए किया जाता था। इसके बाद खातों से संबंधित एटीएम कार्ड के जरिए रकम निकालने की गतिविधियां भी जांच के दायरे में आईं।मामले में थाना नीमच सिटी पर अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66डी में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
 *www.moneygrow.live वेबसाइट से लोगों को देते थे झांसा*

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी www.moneygrow.live नाम की वेबसाइट के माध्यम से शेयर मार्केट ट्रेडिंग में टिप्स देने और अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फोन कॉल का सहारा लिया जाता था। लोगों को निवेश पर बेहतर रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाकर राशि ऐसे बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।पुलिस अब जब्त किए गए एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन खातों के माध्यम से कितने लोगों से ठगी की गई और गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं।
पुलिस ने इस मामले में  निखिल कुमावत पिता राधेश्याम कुमावत, निवासी ग्राम कचोली, थाना जीरन,जयंत कुमावत पिता रमेशचन्द्र कुमावत, निवासी ग्राम कचोली,थाना जीरन,दीपक मेघवाल पिता राधेश्याम मेघवाल, निवासी ग्राम कचोली, थाना जीरन।
अल्केश पंवार पिता जितेन्द्र पंवार, निवासी स्टार सिटी कॉलोनी, महू रोड, नीमच को गिरफ्तार किया है ओर आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न बैंकों के 62 एटीएम कार्ड, 9 चेकबुक, 8 पासबुक, 8 मोबाइल फोन, एक एटीएम स्वैप मशीन, एक हुंडई औरा कार, एक लैपटॉप, एक मैकबुक और 51,500 रुपये नकद जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया, उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिन्दे, अजीत सिंह, प्रशांत जयंत, आदित्य गौड़, नीरज साहू सहित आरक्षक लखनप्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, लक्की शुक्ला, राजेश चौधरी और महिला आरक्षक मोनिका परिहार का योगदान रहा।

*पुलिस की अपील*
 ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की प्रमाणिकता की जांच करें। अधिक मुनाफे की गारंटी देने वाले अनजान लोगों, वेबसाइटों और सोशल मीडिया समूहों के झांसे में न आएं तथा किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी का इस्तेमाल न करने दें।