नीमच। महेंद्र उपाध्याय। श्री परशुराम सुविधा गृह निर्माण सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ सदस्य व कांग्रेस नेता ओम शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन श्री परशुराम सुविधा गृह निर्माण सहकारी समिति, कर्मकांडी विप्र पुजारी परिषद, गोड ब्राह्मण समाज एवं महिला समिति की ओर से दिया गया।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 1 अक्टूबर को निर्माणाधीन श्री परशुराम नगर के मुख्य द्वार पर अनिकेत पिता देवीलाल दवे, देवीलाल पिता राधेश्याम दवे एवं उनके साथियों ने फरसा, लाठी-डंडे और पत्थरों से ओम शर्मा पर हमला किया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अहमदाबाद के अस्पताल में उपचाररत हैं।संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए,ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।ज्ञापन देने के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।