नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। रामपुरा क्षेत्र के सालियाखेड़ी निवासी एक युवक ने शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी कर ढाई लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता पंकज पिता मदनलाल सारू ने आवेदन में ‘लुटेरी दुल्हन’ और फर्जी दलालों के माध्यम से उसके साथ ठगी किए जाने का आरोप लगाया है।पंकज के अनुसार उसका विवाह नहीं हो रहा था। इसी दौरान मंदसौर जिले के नाहरगढ़ निवासी बलवंत सिंह और जानीबाई खटीक ने श्रीगंगानगर निवासी लक्ष्मी नामक युवती से शादी कराने की बात कही और इसके बदले ढाई लाख रुपये की मांग की। इसके बाद 8 अगस्त 2026 को मंदिर में लक्ष्मी से वरमाला डालकर शादी होने की बात आवेदन में कही गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि लक्ष्मी करीब 17 दिन तक उसके साथ सालियाखेड़ी में रही।आवेदन के अनुसार 25 अगस्त को लक्ष्मी की मां मंजू देवी गांव पहुंचीं और बेटी को अपने साथ ले जाने की बात कही। विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में लक्ष्मी अपनी मां के साथ चली गई। इसके बाद पंकज ने  दलालों से अपने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने रुपये लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में फोन नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिए और फोन बंद कर लिया।पंकज ने आरोप लगाया कि दलालों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। उसने इस संबंध में रामपुरा थाने में शिकायत देने का उल्लेख करते हुए एसपी से बलवंत सिंह,जानीबाई खटीक और अनिल माली के खिलाफ जांच व कार्रवाई कर ऐंठे गए ढाई लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।