नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत टीचर कॉलोनी में वरिष्ठ अभिभाषक सुरेंद्र पटवा के मकान में एक बार फिर दिनदहाड़े चोरी की नीयत से घुसने का मामला सामने आया है। इस बार दो युवतियां मकान की छत से पेड़ के सहारे नीचे उतरती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सागर मंथन को मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र पटवा ने कुछ समय पूर्व टीचर कॉलोनी स्थित मकान को खाली कर जवाहर नगर में निवास स्थान बना लिया है।हालांकि टीचर कॉलोनी वाले मकान में उनका कार्यालय संचालित होता है और वे प्रतिदिन वहां आते हैं। इसी दौरान दिन के समय दो युवतियों के मकान की छत पर पहुंचने और पेड़ के सहारे नीचे उतरने की गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हुई।गौरतलब है कि सुरेंद्र पटवा के मकान को पहले भी चोरों द्वारा निशाना बनाने के प्रयास किए जा चुके हैं। बताया गया कि पूर्व में दो से तीन बार दिनदहाड़े चोर मकान में चोरी के इरादे से घुसे थे। कभी पीछे के रास्ते से दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो कभी दीवार फांदकर मकान में घुसने की कोशिश की गई।
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के चलते क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बार सीसीटीवी में दो युवतियों का पेड़ के सहारे मकान से निकलते हुए कैद होने से मामला और गंभीर हो गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।