नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। डिजिटल लेनदेन से जुड़ी भ्रष्टाचार की शिकायत पर बिहार के पटना से आई सीबीआई की टीम ने नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद शुक्रवार को उन्हें नीमच जिला न्यायालय में पेश किया गया। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर एडवोकेट चंचल कुमार बाहेती ने सागर मंथन को बताया कि, न्यायालय में CBI ने आरोपी को पटना ले जाने के लिए ट्रांजिट डिमांड प्रस्तुत की है। समाचार लिखे जाने तक मामले में जांच जारी थी जानकारी के अनुसार, CBI टीम ने गुरुवार देर रात नीमच स्थित CBN परिसर और अधिकारी से जुड़े ठिकाने पर कार्रवाई की। इसके बाद सिद्धार्थ श्रीवास्तव को नीमच कैंट थाने लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में उनका मेडिकल कराया गया और इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया।पब्लिक प्रॉसिक्यूटर चंचल कुमार बाहेती ने बताया कि CBI को भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत डिजिटल ट्रांजेक्शन से संबंधित शिकायत मिली थी। इसी लीड के आधार पर पटना से CBI की टीम नीमच पहुंची और कार्रवाई की गई। न्यायालय में आरोपी को ट्रांजिट डिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया है, जिसके बाद उसे पटना ले जाया जाएगा।मामले को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसमे करीब 30 लाख रुपये की डील और कार्रवाई के दौरान करीब 4 लाख रुपये की राशि मिलने की चर्चा है। साथ ही एक कथित बिचौलिए की भूमिका की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, CBI की ओर से इन तथ्यों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।बताया जा रहा है कि जांच में डिजिटल लेनदेन के साथ-साथ ड्रग मेडिसिन से जुड़े मामले और संभावित बिचौलियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। फिलहाल CBI की कार्रवाई और जांच के आधिकारिक तथ्यों का इंतजार है। वही नीमच नारकोटिक्स से जुड़े मामलों में यह हाल के वर्षों का तीसरा बड़ा रिश्वत प्रकरण माना जा रहा है। इससे पहले अक्टूबर 2023 में CBI ने तत्कालीन नारकोटिक्स अधीक्षक डॉ. राजकुमार गर्ग और कथित बिचौलिए को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। जुलाई 2025 में जयपुर CBI ने नारकोटिक्स विभाग के इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह और बिचौलिए को 53 लाख रुपये की डील से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था।अब सिद्धार्थ श्रीवास्तव के मामले में CBI की आगे की जांच और पटना में होने वाली कार्रवाई से ही पूरे प्रकरण की तस्वीर स्पष्ट होगी।