नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच सिटी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 किलो 700 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई।दिनांक 5 सितंबर 2026 को पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम एवं अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान आमरोड दरक वेयर हाउस के सामने यूनिक वेल्डिंग वर्क्स के पास बंद पड़ी गुमटी पर एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला की तलाशी ली। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 11 किलो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ममता उर्फ बंटी, पति मुकेश, जाति नायक, उम्र 40 वर्ष, निवासी बोरखेड़ी पानड़ी को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है।पुलिस के अनुसार अफीम उपलब्ध कराने वाले संदिग्ध व्यक्ति शांतिलाल पिता नारूलाल मीणा, निवासी रावण रूंडी, नीमच सिटी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 के तहत सहआरोपी बनाया गया है। उसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया और नीमच सिटी थाना टीम का सराहनीय योगदान रहा।