नीमच। महेंद्र उपाध्याय। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नीमच कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपए है, के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पूरे मामले का खुलासा किया।एसपी राजेश व्यास ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रख रही थी।
*मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड क्षेत्र में दबिश*
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ अफीम लेकर राजस्थान जाने वाली बस के इंतजार में खड़ा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान सुमेर राम पिता अन्नाराम विश्नोई, उम्र 43 वर्ष, निवासी डेलू मनाडा की ढाणी, थाना झंवर, जिला जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई। उसके कब्जे से कपड़े के बैग में रखी चार थैलियों से कुल 10 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद की गई।बरामद अफीम की कीमत करीब 51 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अफीम के स्रोत और उसके संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी, आरक्षक अंकित मेढ़, आरक्षक अखिलेश बैरागी, आरक्षक सुरेश माली, आरक्षक रामनारायण तथा आरक्षक भानुप्रतापसिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।