नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर मार्ग स्थित नागौरी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार दोपहर एक कार  मासूम बच्ची के पैर से टकरा जाने के बाद विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।घटना में अमावली महल निवासी गजेंद्र सिंह राजपूत के सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने संबंधित लोगों को राउंडअप कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार गजेंद्र सिंह राजपूत   पेट्रोल पंप पर थे। उनके साथ उनकी छोटी बच्ची भी थी।इसी दौरान कार क्रमांक एमपी-13-एएच-0661 वहां पहुंची। गजेंद्र सिंह का आरोप है कि कार उनकी बच्ची के पैर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि कार चालक का ध्यान नहीं होने के कारण आवाज लगाने के बावजूद वाहन नहीं रुका। विरोध करने पर कार में सवार दो व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। गजेंद्र सिंह का आरोप है कि चालक तनवीर उर्फ पिंकू ने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। गजेंद्र सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि नागौरी पेट्रोल पंप पर दो वाहनों के बीच बच्ची के वाहन से टच होने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों को तत्काल राउंडअप कर लिया गया था तथा दोनों पक्षों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।