नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। गैस एजेंसी के नाम पर करीब 60 लाख रुपये की ठगी, रुपए वापस मांगने पर झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाने की साजिश और दस्तावेजों के दुरुपयोग के आरोपों के बीच अब मामले में नया मोड़ आ गया है। कुकड़ेश्वर थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर झाबुआ जिले के थांदला निवासी गैस एजेंसी संचालक सुजीत उर्फ ललित भाभर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामला गैस एजेंसी में साझेदारी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेकर धोखाधड़ी करने से जुड़ा है। वहीं हाल ही में एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित कन्हैयालाल पुरोहित ने इसी प्रकरण को अपनी 60 लाख रुपये की ठगी और साजिश से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी,कुकड़ेश्वर थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार फरियादी पिंकी पति कन्हैयालाल पुरोहित, निवासी कुकड़ेश्वर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि झाबुआ जिले के थांदला निवासी सुजीत उर्फ ललित भाभर ने गैस एजेंसी में भागीदारी दिलाने और व्यवसाय में लाभ का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में करीब 55 लाख रुपये (शिकायत के अनुसार) अपने खातों में ट्रांसफर कराए। आरोप है कि राशि लेने के बावजूद न तो एजेंसी में हिस्सेदारी दी गई और न ही पैसा वापस लौटाया गया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी।

*यह है मामला*

नीमच जिले के कुकड़ेश्वर निवासी कन्हैयालाल पुरोहित ने विगत दिनों पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया था कि गैस एजेंसी दिलाने के नाम पर उनसे करीब 60 लाख रुपये लिए गए। उनका कहना था कि जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो उन्हें धमकियां दी गईं और बाद में उन्हें झूठेआपराधिक प्रकरण में फंसाने की साजिश रची गई।पीड़ित का यह भी आरोप था कि एजेंसी प्रक्रिया के दौरान लिए गए उनके आधार कार्ड, फोटो एवं अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक विवाद के बाद उन्हें नाबालिग से जुड़े झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया गया था जिसकी निष्पक्ष जांच होना चाहिए।कन्हैयालाल पुरोहित द्वरा एसपी को दिए आवेदन में पूरे प्रकरण की किसी वरिष्ठ अधिकारी से स्वतंत्र जांच कराने,आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों, मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की तकनीकी जांच कराने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि उक्त मामले को लेकर कुकड़ेश्वर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।आगे की कार्यवाही जारी है।