नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में उमापति महादेव मंदिर के पीछे नगरपालिका की जमीन पर अवैध रेत भंडारण का मामला एक बार फिर सामने आया है। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर करीब 8 से 10 ट्रैक्टर रेत जब्त की है। जब्त रेत की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि जिस स्थान पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है,वहां पहले भी अवैध रेत भंडारण पकड़ा जा चुका है। इसके बावजूद उसी जगह दोबारा रेत का भंडारण सामने आने से विभागीय निगरानी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर में अन्य स्थानों पर भी अवैध रेत भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई की है।खनिज अधिकारी जगन सिंह भिंडे के अनुसार,बिना अनुमति रेत का भंडारण पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई,जो आगे भी जारी रहेगी, खनिज अधिकारी जगन सिंह भिड़े ने बताया कि उनके पास रॉयल्टी तो है परंतु भंडारण सम्बंधित कोई कागज या अनुमति नही है।कार्रवाई के दौरान रेत कारोबारियों और विभागीय टीम के बीच हल्के विवाद की स्थिति भी बनी। इस दौरान जेसीबी के कांच फोड़ने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।जिसे खनिज अधिकारी ने उनका आपसी विवाद बताया।खनिज विभाग की कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल है। वहीं, एक ही स्थान पर बार-बार अवैध रेत भंडारण पकड़े जाने के बाद यह सवाल उठना लाजिमी है कि पूर्व में कार्रवाई होने के बावजूद ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। अब देखना होगा कि विभाग आगे भी इस तरह के स्थानों पर निगरानी बढ़ाकर अवैध भंडारण पर स्थायी रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाता है।