नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के ग्राम जमुनिया कलां गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। करीब 100 वर्ष की बुजुर्ग महिला खेत पर स्थित लगभग 50 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। गनीमत रही कि समय रहते घटना का पता चल गया और परिजनों व ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इतनी अधिक उम्र में इतने गहरे कुएं में गिरने के बावजूद बुजुर्ग महिला को सकुशल बचा लेना ग्रामीणों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं रहा।

*कुएं की पाल पर बैठी थीं बुजुर्ग महिला*

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुनिया कलां निवासी किशोर हलवाई की करीब 100 वर्षीय दादी मां खेत पर गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि वे खेत में स्थित कुएं की पाल पर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आ गया और संतुलन बिगड़ने से वे सीधे करीब 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं।

*बहू ने सुनी आवाज, ग्रामीणों को बुलाकर शुरू किया बचाव कार्य*

घटना के समय बुजुर्ग महिला की बहू आसपास ही मौजूद थीं। कुएं की तरफ से आवाज सुनाई देने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर नीचे देखा तो बुजुर्ग महिला कुएं में गिरी हुई थीं। यह देखकर उन्होंने तत्काल परिजनों और आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को आवाज देकर बुलाया।सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सभी ने मिलकर सूझबूझ और तत्परता के साथ बुजुर्ग महिला को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। सामूहिक प्रयासों के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर की गई मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।

*अस्पताल में कराया उपचार*

कुएं से बाहर निकालने के बाद परिजन बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज कराया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला की हालत ठीक बताई जा रही है।
करीब 100 वर्ष की उम्र में 50 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद सुरक्षित बच निकलना हर किसी को हैरान कर रहा है। घटना के बाद गांव में भी इसकी चर्चा रही। इस पूरे घटनाक्रम में बहू की सतर्कता और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।संकट की घड़ी में ग्रामीणों की एकजुटता और तत्परता ने साबित कर दिया कि समय पर मिली मदद किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है।