नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।मध्य प्रदेश के नीमच जिले में जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी एरिया में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नयागांव टोल प्लाजा के आगे एसआर और एचपी पेट्रोल पंप के समीप कोयले से भरे दो भारी ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, भिड़ंत के बाद आग ने देखते ही देखते दोनों ट्रेलरों को अपनी चपेट में ले लिया। वाहनों से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।हादसे के दौरान दोनों ट्रेलरों के चालकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहनों से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों में लगी भीषण आग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों वाहनों को आग की लपटों से घिरा देखा जा सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में हादसे को लेकर चर्चा बनी हुई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।