नीमच। महेंद्र उपाध्याय। ग्राम अमावली महल निवासी 35 वर्षीय प्रताप सिंह पिता भंवर सिंह शक्तावत की विद्युत पोल पर काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। क्षेत्र में 33 केवी लाइन को कंवर्ट करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान विद्युत पोल पर काम करते समय उन्हें करंट लग गया और वे खंभे से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।घटना के बाद परिजन और समाजजन मृतक का शव लेकर गोमाबाई रोड स्थित मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यालय के गेट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने चक्काजाम भी किया।
परिजनों की मांग है कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। करनी सेना के प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह शक्तावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहा था और 33 केवी लाइन को कंवर्ट करने के कार्य का कार्य चल रहा है,इस दौरान अचानक लाइन में करेंट प्रवाह होने से हादसा हुआ।खबर लिखे जाने तक विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर शव रखकर परिजनों व समाजजनों का प्रदर्शन और चक्काजाम जारी था।