नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति नीमच जिले से हैं, जिससे घटना की जानकारी नीमच क्षेत्र में भी पहुंचते ही शोक का माहौल बनगया।प्राप्त जानकारी के अनुसार,पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर नारायणगढ़ के समीप एक मोटरसाइकिल पर पुष्कर और उनकी पत्नी रेखा सवार थे। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सावन निवासी बबलू पिता राजमल बावरी और जितेंद्र पिता राजमल बावरी सवार थे। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।हादसा इतना भीषण था कि बबलू पिता राजमल बावरी, जितेंद्र पिता राजमल बावरी और रावजी पिपलिया निवासी पुष्कर की मौत हो गई। वहीं पुष्कर की पत्नी रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को नारायणगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया।हादसे की सूचना मिलते ही नारायणगढ़ थाना पुलिस की मोबाइल टीम और डायल-112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हुई है। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल हुई हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।