नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच सिटी थाना क्षेत्र में मंदसौर मार्ग पर बुधवार रात राजस्थानी ढाबे और देवरेसीडेंसी होटल के बीच दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान झालीनेर निवासी गोविंद बागरी (30) की मौत हो गई। वहीं दलवादा निवासी लोकेश मेघवाल (25) का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुआ।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरुवार सुबह नीमच सिटी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मृतक गोविंद बागरी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
*अधूरे निर्माण और यातायात व्यवस्था पर उठ रहे सवाल*
भाटखेड़ा से डूंगलावदा तक सिटी फोरलेन का निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है। निर्माणाधीन मार्ग पर पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए जाने, अधूरे निर्माण, सड़क के हिस्सों के खुदे होने और यातायात को कई स्थानों पर एक ही साइड से निकाले जाने के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।इसी राजस्थानी ढाबे के समीप कुछ दिन पहले दो बसों की भी टक्कर हुई थी। उस हादसे में 6 से 7 यात्री घायल हुए थे, जिनमें करीब तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आई थीं। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रभावी सुधार नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं।
*प्रशासन को लेना चाहिए संज्ञान,ठेकेदार को नोटिस की मांग*
लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए अब प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि प्रशासन निर्माणाधीन सिटी फोरलेन का मौके पर निरीक्षण कर यातायात सुरक्षा व्यवस्था की जांच करे तथा संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर सड़क पर पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड,बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे।लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी होती है तो ठेकेदार की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। बुधवार रात हुई युवक की मौत के बाद निर्माणाधीन फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को तत्काल गंभीरता से संज्ञान लेने की आवश्यकता है।सागर मंथन