नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया कला के समीप सोमवार को नीमच-मंदसौर मार्ग पर दो बसों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा राजस्थानी ढाबे से कुछ दूरी पर हुआ। दुर्घटना में दोनों बसें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि पंचोली बस में सवार करीब छह-सात यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाधित मार्ग को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की बस क्रमांक आरजे 20 पीबी 3871 नीमच से मंदसौर की ओर जा रही थी। इसके पीछे पंचोली बस क्रमांक एमपी 13 पीए 4433 चल रही थी, जो अलीराजपुर की ओर जा रही थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगे चल रही राजस्थान रोडवेज बस के सवारी बैठाने के लिए रुकने अथवा गति कम करने के दौरान पीछे चल रही पंचोली बस उससे जा भिड़ी। हादसे के बाद एक बस डिवाइडर तोड़ कर दूसरी ओर चली गई।दुर्घटना में घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।जमुनिया कला के समीप जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वहां भाटखेड़ा से डुंगलावदा तक सिटी फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है।निर्माणाधीन मार्ग पर कई स्थानों पर काम अधूरा पड़ा है। सागर मंथन बारिश के कारण सड़क किनारे खोदी गई मिट्टी में कीचड़ हो गया है, जिससे वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं कई स्थानों पर पर्याप्त सांकेतिक एवं चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य धीमी गति से चलने और अधूरे हिस्सों में उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सागर मंथन बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में निर्माण एजेंसी द्वारा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की जरूरत है, ताकि लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।