नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच कैंट थाना क्षेत्र के कनावटी गांव निवासी 45 वर्षीय दीपक नायक पिता रामचंद्र नायक की रविवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक ने 7 सितंबर को चित्तौड़गढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में, जहां वह मजदूरी करता था, अज्ञात कारणों के चलते एसिड पी लिया था। इसके बाद उसे उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर में उपचार के बाद परिजन दीपक को छुट्टी दिलाकर उसके मूल निवास कनावटी लेकर आए थे। शनिवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। रविवार सुबह उपचार के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रविवार दोपहर जिला अस्पताल में पुलिस ने शव परीक्षण की कार्रवाई कराई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब दीपक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर एसिड पीने की घटना सामने आई है, लेकिन इसके पीछे की वजह क्या थी और मौत किन परिस्थितियों में हुई,इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।