नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुनिया कला के समीप राजस्थानी ढाबे के सामने बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नीमच से मंदसौर की ओर जा रहे एक ट्रक की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।सागर मंथन को मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर ग्राम जमुनिया कला निवासी लीला पिता अमृतलाल सिकलीकर,उम्र 35 वर्ष, राजस्थानी ढाबे के आसपास मौजूद थी। इसी दौरान नीमच से मंदसौर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक आरजे 17 जीए 9015 ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट कमलेश रावत द्वारा महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्ती में लेकर जांच शुरू की।