नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जीरन पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार 11 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।जिला अस्पताल में घायलों के परिजनों ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि जुनैद पिता अकबर खान (9), समीर पिता अकबर खान (11), अरबाज खान पिता इनायत खान (24), निवासी ग्राम तालखेड़ा तथा इस्माइल खान पिता अजीज खान (17), निवासी निकुम चौराहा, बाइक पर सवार होकर अड़कियां खाल से जीरन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जीरन पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार सभी चार लोग घायल हो गए।परिजनों के अनुसार हादसे के बाद करीब आधे से एक घंटे तक घायल मौके पर ही पड़े रहे। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जीरन के शासकीय अस्पताल ले जाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों को नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नीमच जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 11 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं जुनैद, अरबाज और इस्माइल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।