नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच के सागराना घाटी के पास हाईवे पर शनिवार शाम पैदल रामदेवरा यात्रा पर निकले एक श्रद्धालु को पीछे से आ रही तेज रफ्तार वेन्यू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 53 वर्षीय मदनलाल वर्मा पिता बापूलाल वर्मा निवासी गंधर्वपुरी, जिला देवास गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक हो गई। उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता ग्राम देहरी तहसील सोनकच्छ निवासी है और खेती का काम करता है। वह हकमासिंह पिता बलवतसिंह निवासी कराड़िया माहोर तथा मदनलाल वर्मा के साथ 30 अगस्त को अपने गांव से पैदल रामदेवरा यात्रा के लिए निकले थे। तीनों 5 सितंबर की शाम करीब 6 बजे नीमच हाईवे पर ग्राम सागराना के नीचे घाटी के पास पहुंचे थे।शिकायतकर्ता और हकमासिंह आगे चल रहे थे, जबकि मदनलाल वर्मा उनके पीछे पैदल आ रहे थे।इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही काले रंग की वेन्यू कार के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से मदनलाल वर्मा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों साथियों ने कार का नंबर देखा, जो शिकायत में  GJ 38 BD 4889 बताया गया है। टक्कर के बाद कार चालक मौके से नया गांव की ओर फरार हो गया।घटना के बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से घायल मदनलाल वर्मा को जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी उनके पुत्र नीलेश वर्मा को दी गई, जिसके बाद परिजन नीमच पहुंचे।पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।