नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मजदूरी के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से पति को खो चुकी ग्राम भोलियावास निवासी सपना माली मंगलवार को अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना एवं अंत्येष्टि सहायता का लाभ अब तक नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।सपना माली ने बताया कि उनके पति नरेन्द्र कुमार पिता स्व. लालुराम माली मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वे मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना-2018 में पंजीकृत थे। 8 अप्रैल 2026 को मजदूरी के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। पति की मृत्यु के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी सपना के कंधों पर आ गई है।उनके दो नाबालिग बच्चे हैं, जिनमें पुत्री शिवानी और पुत्र हरिश शामिल हैं।सपना ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद बच्चों के भरण-पोषण और परिवार की रोजी-रोटी चलाना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने संबल योजना के तहत मिलने वाली सहायता और अंत्येष्टि सहायता के लिए ग्राम पंचायत में संपर्क किया, लेकिन अभी तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।मंगलवार को सपना माली कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और आवेदन सौंपकर संबल योजना के तहत मिलने वाली सहायता एवं अंत्येष्टि सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनके पति योजना में विधिवत पंजीकृत थे,तो नियमानुसार परिवार को मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।सपना ने प्रशासन से मामले की जांच कर पात्रतानुसार सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रकरण में किसी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की भी मांग की।